दोस्त को साथ ले जाने पर बवाल, युवक पर चाकू से हमला; तीन नामजद
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कस्बे में दोस्त को साथ ले जाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम डुन्डूखेड़ा थाना कांधला निवासी मनीष पुत्र सेठपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपने चचेरे भाई आर्यन पुत्र पप्पू निवासी तित्तरवाड़ा को लेने कैराना आ रहा था। सहपत क्षेत्र में एक भट्टे के पास उसे आर्यन के साथ मनीष और विशाल बैठे मिले। पीड़ित के अनुसार, जब उसने आर्यन को अपने साथ चलने के लिए कहा तो इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान विशाल ने फोन कर तित्तरवाड़ा निवासी घोलू को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। तहरीर के मुताबिक, झगड़े के दौरान घोलू ने चाकू से मनीष पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई। घटना के समय उसका भतीजा विनय पुत्र कर्ण भी मौके पर मौजूद था, जिसने पूरी घटना देखी। घायल युवक ने थाना कैराना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

