नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कैराना पुलिस को गश्त के दौरान अहम सफलता मिली। पुलिस ने एक संदिग्ध किशोर को पकड़कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को उपनिरीक्षक बाबूराम सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त व सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कैराना से रजवाहे की पटरी होते हुए ग्राम भूरा की ओर जाते समय एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही युवक घबराकर कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और विनोद की ट्यूबवेल के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आसियान पुत्र मेहताब, निवासी ग्राम बराला कुकरहेड़ी थाना कैराना बताया। उसकी उम्र करीब 17 वर्ष बताई गई है। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने तमंचा किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था और अपनी सुरक्षा के लिए अपने पास रखा हुआ था। पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को कब्जे में लेकर सील कर दिया है तथा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं।आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ धारा 9/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
