गाजियाबाद

अंबेडकर प्रतिमा क्षति पर बवाल

भीम आर्मी प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज, कई हिरासत में

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी के इंद्रपुरी क्षेत्र के पास बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के विरोध में सैकड़ों महिलाएं और पुरुष दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर उतर आए और जमकर हंगामा किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए न केवल प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया, बल्कि घटना में शामिल दो संदिग्धों को हिरासत में भी ले लिया।
इसके बावजूद माहौल शांत कराने में अधिकारियों को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और प्रशासन ने सूझबूझ दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को उनकी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। साथ ही अंबेडकर की नई प्रतिमा मंगवाकर स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई।
हालात काबू में आने के बाद अचानक पहुंचे भीम आर्मी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फिर से दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर धरना देकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने मार्ग खाली करने से इनकार कर दिया और नारेबाजी जारी रखी।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को अंततः लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज में कुछ कार्यकर्ता घायल हुए इस दौरान मची भगदड़ में कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया, जबकि दर्जनभर से अधिक मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया । समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में तनाव बना हुआ था, वहीं अधिकारियों की मौजूदगी में नई प्रतिमा स्थापित करने का कार्य जारी था
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button