बेतुल

बैतूल चिचोली में अवैध शराब कारोबार को लेकर आजाद समाज पार्टी ने एसपी-कलेक्टर से की शिकायत

आबकारी कर्मी और नेताओं पर साठगांठ के आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। चिचोली नगर परिषद के शासकीय भवन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कथित रूप से अवैध शराब के भंडारण को लेकर राजनीतिक संरक्षण और आबकारी अमले की कथित मिलीभगत के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला कार्यालय प्रभारी रवि अतुलकर ने कलेक्टर, एसपी, एसडीएम सहित जिला आबकारी अधिकारी बैतूल से शिकायत कर चिचोली क्षेत्र में सक्रिय शराब कारोबारियों, संबंधित आबकारी कर्मचारियों और राजनीतिक रसूख रखने वाले लोगों की भूमिका की जांच कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, चिचोली नगर परिषद की शासकीय बिल्डिंग में अवैध शराब की पेटियां रखे जाने की सूचना सामने आई थी। जय स्तम्भ चौक स्थित एक थोक किराना दुकान में भी शराब की पेटियां रखे जाने का आरोप लगाया गया है। रवि अतुलकर ने आबकारी कर्मचारी पर मामले की अनदेखी करने और नगर परिषद भवन में रखी शराब को जब्त नहीं कराने का आरोप लगाया है। साथ ही भीमपुर जोड़ चिचोली पर आबकारी कर्मचारी की कथित शह पर अवैध शराब का गोडाउन संचालित होने का भी आरोप शिकायत में लगाया गया है।
शिकायत में नगर परिषद चिचोली की अध्यक्ष के पति रितेश मालवीय और उनके बड़े भाई आशुतोष मालवीय पर भी क्षेत्र में अवैध शराब बिकवाने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने कहा है कि शासकीय परिसर में शराब के भंडारण की स्थिति में नगर परिषद की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए। उन्होंने पूर्व में पकड़ी गई शराब के बैच नंबर की जांच कर उसके मूल ठेकेदार तक पहुंचने और कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आबकारी अधिकारी को चिचोली क्षेत्र से हटाने की मांग भी की गई है।
शिकायत में शराब ठेकेदारों द्वारा गश्त और दबिश के लिए बाहरी लोगों को रखने पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि ऐसे लोगों का पुलिस सत्यापन और नौकरनामा नहीं कराया जाता, जिसके चलते ग्रामीणों से मारपीट या अन्य विवाद की स्थिति में उनकी जवाबदेही तय नहीं हो पाती। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और बाहरी कर्मचारियों के सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button