गोड्डा
परशुराम जयंती पर युवाओं ने किया पदयात्रा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा में परशुराम युवा वाहिनी सेवा ट्रस्ट की ओर से भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर भव्य पैदल यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर शहर श्रद्धा, भक्ति और जयघोष से गूंज उठा। यात्रा में हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ भगवान परशुराम का जयकारा लगाया।
पैदल यात्रा की शुरुआत रौतारा दुर्गा मंदिर परिसर से शंखनाद के साथ हुई। गुरुकुल से आए बच्चों ने वैदिक मंत्रोच्चारण कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बच्चों द्वारा जगह-जगह शंख बजाया गया और धार्मिक मंत्रों का उच्चारण किया गया, जिससे पूरा शहर आध्यात्मिक माहौल में रंग गया। यात्रा रौतारा दुर्गा मंदिर से निकलकर कारगिल चौक, महिला कॉलेज बाईपास होते हुए बाबा रत्नेश्वर नाथ धाम शिवपुरी पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालु जय परशुराम के नारे लगाते रहे तथा धार्मिक गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के समापन के बाद बाबा रत्नेश्वर नाथ धाम में खीर प्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। कमेटी के सभी सदस्यों ने व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे आयोजन को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह देखा गया। भक्ति, अनुशासन और उत्साह से भरा यह आयोजन शहरवासियों के लिए यादगार बन गया।




