
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। केन्द्र एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सेवा निवृत्त एवं पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा मंगलवार को चन्द्रशेखर राजकीय उद्यान में विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा निवृत्त वाणिज्य कर अधिकारी एवं एसोसिएशन अध्यक्ष जे.के. सिंह ने की। धरना सुबह 11 बजे शुरू हुआ, जिसमें तहसील महरौनी एवं तालबेहट से बड़ी संख्या में पेंशनर्स शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि पेंशन बुजुर्गों के जीवन का महत्वपूर्ण सहारा है, लेकिन केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तावित आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों की मांगों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हम भीख नहीं, अपना हक चाहते हैं। इस दौरान लखन लाल झा, श्रेयांश जैन, राजेंद्र प्रसाद, दिनेश चंद, साबिर अली, रामसेवक सैनी, आनंद स्वरूप रजक सहित कई वक्ताओं ने पेंशन पुनरीक्षण, सुविधाओं में वृद्धि और अन्य लंबित मांगों को लेकर अपनी बात रखी। तालबेहट से आए चंचलजी ने कविता पाठ के माध्यम से पेंशनर्स की पीड़ा व्यक्त की। धरना स्थल पर ही प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार विश्वकर्मा को सौंपा गया। साथ ही सामूहिक याचिका के समर्थन में बड़ी संख्या में हस्ताक्षर भी कराए गए। कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों को सदस्यता दिलाकर उनका सम्मान भी किया गया। धरना प्रदर्शन में तिलक राम कौशिक, ए.आर. रिछारिया, महेंद्र कुमार जैन, पी.एन. तिवारी, गंगाराम शर्मा, हबीब खान, एजाज नवी, सुरेश जैन, देवेंद्र श्रीवास्तव सहित सैकड़ों पेंशनर्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हरीश तिवारी ने किया। अंत में अध्यक्ष एवं सचिव ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धरना को सफल बताया।
