खैरथल

39वें वैशाखी मेले में भक्ति, श्रद्धा और उत्सव का संगम

तीन दिवसीय आयोजन में संतों का सानिध्य, भजन-कीर्तन, हवन और भंडारे का विशेष आकर्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जयपुर /खैरथल। परम पूजनीय महन्त स्वामी माधवदास जी का 39वां विशाल वैशाखी मेला 22 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक अग्रवाल फार्म, मानसरोवर जयपुर स्थित गुरु गद्दी स्थान पर श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। महन्त स्वामी मोहनदास उदासीन (वर्तमान गद्दीनशीन), सांई गोकुल उदासीन और सांई अमृत उदासीन सहित अनेक संत-महात्माओं के सानिध्य में आयोजित तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में देशभर से श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
मेले के दौरान संत-महात्माओं के सानिध्य में भक्ति, साधना और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। आयोजन स्थल पर पूरे समय धार्मिक वातावरण के बीच भजन-कीर्तन, सत्संग और आध्यात्मिक प्रवचनों की गूंज रहेगी।
भक्ति कार्यक्रमों की विशेष श्रृंखला
मेले का शुभारंभ 22 अप्रैल, बुधवार को प्रातः 10:30 बजे झंडारोहण और अखंड पाठ के साथ होगा। सायं 5:30 बजे महन्त स्वामी मोहनदास उदासीन और सांई गोकुल उदासीन के श्रीमुख से भक्ति रस से ओत-प्रोत सत्संग-कीर्तन आयोजित किया जाएगा।
दूसरे दिन 23 अप्रैल, गुरुवार को प्रातः 10 बजे भव्य हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तों की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। शाम को माधव म्यूजिकल ग्रुप द्वारा पूज्य बहेराणा साहिब का भव्य आयोजन प्रस्तुत किया जाएगा।
अंतिम दिन 24 अप्रैल, शुक्रवार को प्रातः 9:30 बजे श्याम भजन रसधारा, अखंड पाठ का भोग, पल्लव एवं फूलों की होली के साथ मेले का समापन होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से विशाल आम भंडारे का आयोजन रहेगा।
रंगारंग प्रस्तुतियों से सजेगी हर संध्या
तीनों दिन माधव म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी।
संतों के आशीर्वाद का मिलेगा लाभ
इस अवसर पर महन्त स्वामी मोहनदास उदासीन (वर्तमान गद्दीनशीन), सांई गोकुल उदासीन और सांई अमृत उदासीन सहित अनेक संत-महात्मा श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button