
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : एसआरएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईटी) में मंगलवार को भव्य उद्घाटन के साथ श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट सीजन टू आरंभ हुआ। बरेली जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह बख्शी, सचिव मून रॉबिन्सन, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी और कोच नसीम अख्तर, एसआरएमएस ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति ने सभी खिलाड़ियों को बधाई के साथ शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में डीपीएस ने पेनाल्टी शूटआउट में एयर फोर्स स्कूल को 3-1 गोलों से पराजित कर शानदार जीत हासिल की। दूसरे मैच में कृष्णा पब्लिक स्कूल की टीम ने जिंगल बेल्स को 1-0 से हराया। जयपुरिया स्कूल की टीम के न पहुंचने पर तीसरे मैच में सोबती पब्लिक स्कूल को वॉकओवर से विजयी घोषित किया गया।
उद्घाटन समारोह में बरेली जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह बख्शी ने फुटबॉल के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान करता है। फुटबॉल केवल शारीरिक फिटनेस नहीं, बल्कि टीमवर्क और नेतृत्व के गुण भी सिखाता है। अंतरराष्ट्रीय कोच नसीम अख्तर ने खिलाड़ियों को प्रेरित किया और अपनी मेहनत और समर्पण से बेहतरीन प्रदर्शन करने का आह्वान किया। आदित्य मूर्ति ने कॉलेज की शैक्षिक और खेल उत्कृष्टता के प्रति निरंतर प्रयासों पर प्रकाश डाला और कहा कि यह टूर्नामेंट छात्रों को अपनी खेल क्षमताओं को साबित करने का एक बड़ा अवसर है। श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के प्रिंसिपल डा. प्रभाकर गुप्ता ने टूर्नामेंट के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फुटबॉल एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त इस इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का सीजन फर्स्ट पिछले वर्ष 2025 एसआरएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईटी) में आयोजित हुआ। बरेली नॉकआउट आधार होने वाले इस टूर्नामेंट में फाइनल सहित कुल 14 मैच होंगे। इसके लिए 15 टीमों को दो ग्रुपों ए और बी में रखा गया है। टूर्नामेंट के चारों क्वार्टर 23 अप्रैल को और दोनों सेमीफाइनल 24 अप्रैल को खेले जाएंगे। 25 अप्रैल को सुबह 9 बजे फाइनल मैच होगा। आयोजन सचिव डॉ. पुष्पेंद्र यादव ने टूर्नामेंट के सफल संचालन की दिशा में सभी को प्रेरित किया। डॉ. आशुतोष पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर बालीबाल कोच डा.नितिन सक्सेना, स्पोर्ट्स ऑफिसर शंकरपाल सिंह गंगवार उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह का संचालन डा.आशीष कुमार ने किया।




