शामली
विवाहिता पर घर में घुसकर हमला, चार नामजद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
नगर के मोहल्ला खेल में एक विवाहिता के साथ घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता गुल्लो पत्नी रियाजुद्दीन ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह अपने दोनों बच्चों के साथ घर पर अकेली थी।
आरोप है कि इसी दौरान ससुराल पक्ष के चार लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़िता को बचाया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता ने सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
खेत में पानी को लेकर विवाद, भाई-बहन से मारपीट
क्षेत्र के गांव भनेड़ा में खेत में पानी देने को लेकर विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़िता गीता पत्नी अशोक ने बताया कि उसके बेटे अनिकेत और बेटी शालू खेत में फसल को पानी दे रहे थे।
इसी दौरान परिवार के ही कुछ लोग वहां पहुंचे और पानी देने से मना करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि शालू द्वारा वीडियो बनाने का प्रयास करने पर उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया गया और उसके साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
पीड़िता ने थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में तहरीर के आधार पर जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
