हजारीबाग
गृह रक्षा वाहिनी हजारीबाग के 355 प्रशिक्षण गृह रक्षकों का पारण परेड कार्यक्रम।
बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त हुए शामिल,पद एवं गोपनीयता की दिलाई शपथ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ क्षेत्रीय प्रशिक्षण केन्द्र, झारखण्ड गृह रक्षा वाहिनी, हजारीबाग में गिरिडीह सहित अन्य जिलों के कुल 355 प्रशिक्षु गृह रक्षकों के 63 दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण के सफल समापन के उपरांत आज 24 अप्रैल को पारण परेड का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त हेमंत सती उपस्थित रहे। पारण परेड समारोह में नगर आयुक्त हजारीबाग अनुमंडल पदाधिकारी सदर हजारीबाग, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक एवं प्रशिक्षु जिला समादेष्टा सहित अन्य पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत जिला समादेष्टा, हजारीबाग द्वारा आगंतुक अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर उपायुक्त श्री हेमंत सती ने सभी प्रशिक्षु गृह रक्षकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
*उपायुक्त का संबोधन* उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुशासन को जीवन में आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है। वर्दी का मूल सिद्धांत अनुशासन है, जो प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उपायुक्त ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे जहां भी कार्य करें, वहां अपना शत-प्रतिशत योगदान दें। उन्होंने युवाओं को ऊर्जा से परिपूर्ण बताते हुए कहा कि वे अपनी दक्षता का परिचय देकर बेहतर कार्य करेंगे तथा जनता एवं जिला प्रशासन का विश्वास बनाए रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त ने सभी प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। ज्ञातव्य है कि प्रशिक्षण के दौरान गृह रक्षा वाहिनी के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के अतिरिक्त जिला बल/जैप-7 के दक्ष हवलदारों की प्रतिनियुक्ति कर प्रशिक्षुओं को समुचित प्रशिक्षण प्रदान किया गया।



