मेरठ

मेरठ में भव्य दीक्षांत परेड

नवप्रशिक्षित आरक्षियों ने दिखाई अनुशासन और दक्षता की मिसाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। आरटीसी पुलिस लाइन में रविवार को भव्य और गरिमामयी दीक्षांत परेड (पासिंग आउट परेड) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षण पूरा कर चुके नवप्रशिक्षित आरक्षियों ने शानदार अनुशासन, समन्वय और दक्षता का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का आयोजन यूपी पुलिस के प्रशिक्षण निदेशालय के निर्देशों के तहत किया गया। परेड का निरीक्षण मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी डॉक्टर वी के सिंह समेत जनपद के सभी पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने परेड में शामिल रिक्रूट आरक्षियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान सीएमने ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए नवआरक्षियों को सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को सम्मानित भी किया गया। इण्डोर टॉपर के रूप में तुषार कुमार, आउटडोर टॉपर के रूप में सूरज चौधरी और सर्वांग सर्वोत्तम आरक्षी के रूप में तुषार कुमार को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विषयों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अन्य प्रशिक्षुओं को भी पुरस्कृत किया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आरक्षियों को आधुनिक पुलिसिंग, कानून व्यवस्था के प्रभावी संचालन, मानवाधिकारों के संरक्षण तथा शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम बनाना रहा। अब ये सभी नवप्रशिक्षित आरक्षी उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बनकर समाज में सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
समारोह के अंत में वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी आरक्षियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पुलिस सेवा की गरिमा, अनुशासन और सेवा भावना को बनाए रखने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, आरक्षियों और उनके अभिभावकों के लिए भोजन और जलपान की भी समुचित व्यवस्था की गई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button