साइबर अपराध पर सख्त एक्शन, 1962 मोबाइल नंबर और 4106 IMEI ब्लॉक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। मेरठ रेंज में साइबर अपराधों की रोकथाम, आर्थिक ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए वर्ष 2026 में अब तक बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया है। कलानिधि नैथानी के निर्देशन में मेरठ रेंज के जनपद मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में 1 जनवरी 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक प्रभावी कार्रवाई की गई।
रेंज स्तर पर NCRP पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर कुल 1962 मोबाइल नंबर और 4106 IMEI नंबर ब्लॉक किए गए। इसके अलावा साइबर ठगी में प्रयुक्त 960 म्यूल बैंक खातों को डेबिट फ्रीज कराया गया, जिससे आरोपियों के खातों से धन निकासी रोकी जा सके।
शिकायतों के निस्तारण में भी मेरठ रेंज ने तेज़ी दिखाई है। अब तक 3426 शिकायतों का समाधान किया गया है। वहीं, ₹5 लाख या उससे अधिक की धोखाधड़ी वाले मामलों में 73 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
जनपदवार आंकड़ों में मेरठ ने मोबाइल ब्लॉकिंग में 689, बुलंदशहर ने 869, बागपत ने 224 और हापुड़ ने 180 नंबर ब्लॉक कराए। IMEI ब्लॉकिंग में मेरठ 1952 और बुलंदशहर 1877 के साथ आगे रहे।
साइबर जागरूकता के क्षेत्र में भी अभियान चलाया गया, जिसके तहत रेंज में कुल 1310 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें बुलंदशहर में 648, मेरठ में 390, बागपत में 159 और हापुड़ में 113 कार्यक्रम शामिल हैं।
DIG मेरठ रेंज ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि NCRP पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, साइबर गैंग्स, फर्जी कॉल सेंटरों और संगठित अपराधियों पर प्राथमिकता से कार्रवाई हो, तथा जनता को फिशिंग, पासवर्ड सुरक्षा और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाए।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज करें।


