
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। भारतीय विद्यालय प्रमाण पत्र परीक्षा परिषद (सीआईएससीई) ने बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे आईसीएसई (कक्षा 10वीं) और आईएससी (कक्षा 12वीं) की परीक्षा के परिणाम 2026 जारी कर दिए हैं। बरेली की प्रजाना पाराशरी ने 10वीं कक्षा में 99.6 फीसदी अंक हासिल कर बरेली मंडल में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
शहर के बिहारीपुर की रहने वाली प्रजाना कैंट स्थित सेंट मारिया गोरेटी इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से तैयारी की। इस दौरान सोशल मीडिया का भी उपयोग किया, लेकिन समय पर नियंत्रण रखा और नियमित पढ़ाई की। प्रजाना के सर्वाधिक अंक इतिहास और रसायन विज्ञान में आए हैं, उन्होंने दोनों विषयों में 100-100 अंक प्राप्त किए हैं। उनके भौतिक विज्ञान में सबसे कम 97 अंक हैं। प्रजाना ने आवश्यकता पड़ने पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का भी इस्तेमाल किया। प्रजाना डॉक्टर बनना चाहती हैं।
अपर्णा ने 98.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हार्टमन कॉलेज की छात्रा अपर्णा ने 10वीं कक्षा में 98.40 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। अपर्णा ने लक्ष्य बनाकर नियमित तौर पर पढ़ाई की। वह न्यूरो सर्जन बनना चाहती हैं। 12वीं कक्षा के परिणाम
12वीं कक्षा में हार्टमन कॉलेज के छात्र अनिरुद्ध जौहरी ने 96.75 फीसदी अंक हासिल किए हैं। अनिरुद्ध ने बताया कि उन्होंने मन लगाकर पढ़ाई की और रात में अध्ययन करते थे। उन्होंने कहा कि सबके पास बराबर समय होता है, इसलिए पढ़ाई करते समय पूरा ध्यान लगाना चाहिए। अनिरुद्ध इंजीनियर बनना चाहते हैं।



