बरेली
मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय समीक्षा बैठक हुई आयोजित
गेहूं खरीद बढ़ाने व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में मण्डलीय समीक्षा बैठक विकास भवन स्थित सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मण्डलायुक्त ने गेहूं खरीद की समीक्षा की और कहा कि वर्तमान में मंडल की स्थिति प्रदेश में दूसरे स्थान पर है, जिसे और बेहतर बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने डिप्टी आर.एम.ओ. को निर्देश दिए कि गेहूं खरीद में और तेजी लाई जाए।
वृक्षारोपण की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने मुख्य वन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन विभागों को लक्ष्य आवंटित किए गए हैं, वे उन्हें शत-प्रतिशत पूर्ण करें।
बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा में उपनिदेशक कृषि को निर्देश दिए गए कि फार्मर रजिस्ट्री में जिन किसानों का पंजीकरण हो चुका है, उसे अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड किया जाए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को इसमें शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने हीट वेव को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में पाया गया कि बदायूं जनपद में डेंगू एवं मलेरिया के मामले अधिक हैं, जिस पर मण्डलायुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी बदायूं को निर्देश दिए कि जनजागरूकता अभियान चलाकर इन पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए। मण्डलायुक्त ने जिलाधिकारी बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर को निर्देश दिए कि सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण कर उनकी वैधता की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाई जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी बदायूं अवनीश कुमार राय, जिलाधिकारी शाहजहांपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी पीलीभीत ज्ञानेंद्र सिंह सहित समस्त मंडल स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे !



