ललितपुर

स्मार्ट मीटर के विरोध में आप का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

बढ़े बिजली बिल, प्रीपेड व्यवस्था और किसानों की समस्याओं को लेकर उठाई आवाज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ रविवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं और किसानों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है, जिससे जनता में भारी आक्रोश है। जिला मुख्यालय स्थित विद्युत उपकेन्द्र पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में नारेबाजी की और प्रतीकात्मक रूप से स्मार्ट मीटर की तस्वीरें जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं का पहले बिजली बिल करीब 1500 रुपये आता था, अब वही बिल बढ़कर 5000 से 7000 रुपये तक पहुंच रहा है, जिससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उपभोक्ताओं द्वारा अग्रिम भुगतान किए जाने के बावजूद कई क्षेत्रों में 10 से 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर की रीडिंग, बिलिंग प्रणाली और तकनीकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है। आप नेताओं ने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि प्रदेश में नलकूपों पर लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के कारण किसानों में भारी असंतोष है। ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या और तकनीकी खामियों के चलते सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे खेती-किसानी पर संकट गहराता जा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने महामहिम राज्यपाल से मांग की कि उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रही कथित अनियमितताओं और आर्थिक शोषण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों और संबंधित कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आम उपभोक्ताओं और किसानों के हितों की रक्षा के लिए पारदर्शी एवं न्यायसंगत व्यवस्था लागू की जाए। ज्ञापन देते समय जिलाध्यक्ष हरदयाल सिंह लोधी एड., अनूप ताम्रकार, प्रमोद नामदेव, भागवती, कैलाश नारायण, रमेश कुमार, विवेक जैन, मीना, पूनम राजा, मोहित जोशी, राकेश, महेन्द्र पाराशर, राजीव, विवेक, हरीबाई, गनेशराम, बुद्धसिंह बुन्देला, वसीम खान, आशाराम, जगन्नाथ कुशवाहा, सुनील जैन, हजारीलाल राजपूत के अलावा अनेकों लोग मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button