मथुरा
सोगरिया एक्सप्रेस हादसे में कर्मियों की लापरवाही उजागर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन रोड और भूतेश्वर रेलवे स्टेशन के बीच सोगरिया एक्सप्रेस से रेल डॉली टकराने के मामले में रेलवे ने सख्त रुख अपनाते हुए एसएसई आरके विश्वकर्मा को निलंबित किया है। मामले की जांच मंडलीय इंजीनियर द्वारा की जा रही है। ऐसे में कई वरिष्ठ अधिकारियों पर भी जांच की आंच आ सकती है। शुक्रवार सुबह रेल डॉली ट्रेन संख्या 20452 सोगरिया एक्सप्रेस के इंजन से टकरा गई थी। हादसे में इंजन का कंप्रेसर पाइप क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे ट्रेन करीब 45 मिनट तक खड़ी रही। बाद में क्षतिग्रस्त इंजन को हटाकर दूसरा इंजन लगाया गया, तब जाकर ट्रेन को आगे रवाना किया जा सका। घटना में लापरवाही बरतने वाले कुछ अन्य कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। रेल अधिकारी इस लापरवाही की जांच कर रहे हैं। एसएसई की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरपीएफ ने इस मामले में केस दर्ज किया है। इसमें तीन लोगों को गिरफ्तार करके आरपीएफ पोस्ट से ही जमानत दे दी गई थी। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर कार्रवाई होगी।



