सीएम हेमन्त सोरेन की उच्च स्तरीय बैठक, विधि-व्यवस्था मजबूत करने के दिए सख्त निर्देश
CM Hemant Soren holds high-level meeting, gives strict instructions to strengthen law and order

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य में बेहतर विधि-व्यवस्था के संधारण को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डीजीपी सहित सभी जोनल आईजी, डीआईजी एवं जिलों के एसएसपी और एसपी शामिल हुए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन को पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने नशीले पदार्थों की अवैध आपूर्ति श्रृंखला पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे कारोबारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सतर्क निगरानी रखने को कहा। बैठक में मुख्यमंत्री ने अफीम की अवैध खेती पर पूर्ण रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने खूंटी, चतरा एवं रांची जिलों में विशेष अभियान चलाकर लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने लापता बच्चों और महिलाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता पर लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से जनता से संवाद करें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में भी औचक निरीक्षण कर लोगों का विश्वास मजबूत करने को कहा। बैठक में मुख्यमंत्री ने संगठित अपराध पर पूरी सख्ती से रोक लगाने, भू-माफियाओं को किसी भी प्रकार का संरक्षण न देने तथा भूमि विवाद से जुड़े मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि हिरासत के दौरान किसी भी प्रकार की यातना या मृत्यु की घटना को सरकार गंभीरता से लेगी और सभी स्तरों पर संवेदनशीलता बनाए रखना आवश्यक है।



