पाकुड़ जिले में विशेष जनता दरबार का आयोजन, उपायुक्त ने जारी किए निर्देश
Special public court organized in Pakur district, Deputy Commissioner issued instructions

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इसके तहत जिले के सभी प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में सप्ताह में दो दिन विशेष जनता दरबार का आयोजन किया जायेगा। जारी निर्देश के अनुसार, प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक जनता दरबार लगाया जाएगा। इसमें शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी कार्यालय प्रधानों को निर्देश दिया है कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का विधिवत भौतिक सत्यापन कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, की गई कार्रवाई की जानकारी जन शिकायत कोषांग को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, आमजन की सुविधा के लिए जनता दरबार की तिथि और समय की जानकारी सभी कार्यालयों के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करने को भी कहा गया है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जनता दरबार में संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी तथा शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करते हुए उसका पूर्ण प्रतिवेदन संधारित किया जाएगा।



