
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी, गाजियाबाद। अंकुर विहार के बी-13/4 क्षेत्र में अवैध छज्जा निर्माण को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरोप है कि एक निर्माणाधीन भवन में बिल्डर ने निर्धारित सीमा से आगे तक छज्जा बढ़ाकर सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण कर लिया है, जिससे रास्ता संकरा हो गया है और लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस अवैध निर्माण से न सिर्फ यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि यह भविष्य में क्षेत्र में और अतिक्रमण को बढ़ावा देने वाला भी साबित हो सकता है। निवासियों ने इस मामले की शिकायत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और पुलिस प्रशासन से की, लेकिन कार्रवाई न होने से असंतोष बढ़ रहा है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि 20 फरवरी को शिकायत दर्ज कराने के बावजूद निर्माण कार्य बिना रोक-टोक जारी है। इस बीच, 2 मई को अंकुर विहार के सभासद रामनिवास त्रिपाठी ने ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ में तहसील पहुंचकर दोबारा शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि GDA के अधिकारी कथित मिलीभगत के चलते अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बिना स्वीकृत नक्शे के एकल आवासीय भवनों में व्यावसायिक फ्लैट बनाए जा रहे हैं, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। करीब 50 निवासियों द्वारा हस्ताक्षरित इस शिकायत में मांग की गई है कि मौके पर तत्काल निरीक्षण कराया जाए, अवैध निर्माण को हटाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
फिलहाल बड़ा सवाल यह है कि शिकायतों के बावजूद गाजियाबाद विकास प्राधिकरण कब जागेगा और क्या ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ में उठाए गए इस मुद्दे पर कोई ठोस कार्रवाई होगी।



