गोड्डा
जल जीवन मिशन की समीक्षात्मक बैठक आयोजित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। बैठक के दौरान प्रजेंटेशन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के द्वारा जिले में जल जीवन मिशन के तहत चल रही योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। बैठक में उपायुक्त के द्वारा विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं की अद्यतन स्थिति, प्रगति, गुणवत्ता एवं कार्यों के समयबद्ध निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें तथा कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उपायुक्त ने “हर घर नल जल” योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए कहा कि जिले के प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लंबित एवं अपूर्ण योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जलापूर्ति योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव, पाइपलाइन विस्तार, जल गुणवत्ता परीक्षण, स्रोतों की उपलब्धता एवं शिकायत निवारण प्रणाली को सुदृढ़ करने पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आमजन से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि जल जीवन मिशन आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने से जुड़ी एक महत्वपूर्ण योजना है, अतः इसमें पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जवाबदेही बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण/शहरी) के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों जैसे शौचालय निर्माण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM), स्वच्छता अभियान, ओडीएफ (ODF) की स्थिति एवं उसके स्थायित्व की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण एवं उसके नियमित उपयोग को सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़वों ने पर विशेष बल देते हुए कहा कि गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में कचरा संग्रहण, पृथक्करण एवं निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पंचायत स्तर पर स्वच्छता समितियों को सक्रिय करने एवं जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला योजना पदाधिकारी फैजान सरवर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल संजय कुमार शर्मा, सहायक अभियंता प्रशांत कुमार, जिला समन्वयक शत्रुघ्न प्रसाद, जिला समन्वयक (SLWM) संजीव रंजन सहित संबंधित कनीय अभियंता एंव संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



