
चंडीगढ़ – चंडीगढ़ में हैदराबाद से आ रही एक फ्लाइट में मंगलवार को लैंडिंग के वक्त जोरदार धमाका हुआ। फ्लाइट में मौजूद यात्रियों में इस घटना से हड़कंप मच गया। इस हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी है।
हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। लैंडिंग के दौरान फ्लाइट में मोबाइल पावर बैंक फट गया। शुरूआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में पांच लोगों के घायल होने की जानकारी है। फ्लाइट नंबर 6ए108 बताया जा रहा है। हालांकि घायलों की संख्या अभी बढ़ने की संभावना है। यह हादसा मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दोपहर के बाद हुआ।
जानकारी के मुताबकि फ्लाइट में 39-एफ सीट पर बैठे देवांश नाम के शख्स के पावर बैंक में लैंडिंग के दौरान अचानक आग लग गई। उसने इसकी जानकारी क्रू मेंबर्स को दी। इतनी देर में पावर बैंक फट गया। विमान दोपहर में 3 बजकर 32 मिनट पर चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड हुआ था और करीब 3 बजकर 35 मिनट पर फ्लाइट में मोबाइल पावर बैंक फट गया जिससे फ्लाइट के अंदर धुंआ फैल गया।
मोबाइल पावर बैंक के फटने से फ्लाइट के अंदर भगदड़ मच गई। इस दौरान इमरजेंसी गेट खुला और वहां से कुछ यात्री नीचे उतरने लगे। इस दौरान मची भगदड़ के दौरान एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला के पांव में चोट आई है जिसे इलाज के जीरकपुर के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि महिला का इमरजेंसी में आॅपरेशन चल रहा है। हालांकि सभी यात्रियों को इमरजेंसी गेट से सुरक्षित निकाल लिया गया है जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
लैंडिंग के वक्त फोन चला रहा था शख्स
विमान में मौजूद यात्रियों ने बताया कि कई यात्रियों को हल्की चोटें लगी हैं। उन्होंने कहा कि लैंडिंग के दौरान व्यक्ति अपना फोन इस्तेमाल कर रहा था। फोन के साथ पावर बैंक भी लगा था। ऐसे में विमान में सवार लोगों ने सवाल उठाए हैं कि क्रू मेंबर्स को जांच करनी चाहिए थी कि लैंडिंग के वक्त कोई व्यक्ति इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल तो नहीं कर रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा यह हादसा तब हुआ जब विमान लैंडिग के दौरान रन-वे पर था अगर यही हादसा लैंडिंग से पहले आसमान में होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।



