शामली

खंद्रावली हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता

25 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कांधला थाना क्षेत्र के ग्राम खंद्रावली में युवक की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है। 25 हजार रुपये का इनामी वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार व मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, 1 मई को खंद्रावली बाग के पास एक युवक के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने घायल आशु पुत्र वीरेन्द्र को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत सिर में गोली लगने से होना सामने आया, जिसके बाद मामला हत्या में तब्दील हो गया।
इस संबंध में मृतक के पिता की तहरीर पर थाना कांधला में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम ने तेजी दिखाते हुए 2 मई को एक आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसका साथी फरार चल रहा था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
इसी क्रम में मंगलवार को कांधला-भभीसा मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी मोहित उर्फ शंकर घायल हो गया, जिसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी कांधला भेजा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच की जा रही है। इस सफलता में थाना कांधला पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button