बेतुल

बैतूल अग्निकांड पीड़ितों के संकट में सहारा बना राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी महिला संगठन

बर्राढाना पहुंची महिला टीम, कपड़े-बर्तन देकर बढ़ाया हौसला

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो 

बैतूल। भीमपुर तहसील के ग्राम बर्राढाना में हाल ही में हुई भीषण आगजनी की घटना के बाद जहां कई परिवार बेघर हो गए, वहीं सामाजिक संगठनों द्वारा राहत पहुंचाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी महिला संगठन की टीम ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरित कर मानवता का परिचय दिया।

महिला संगठन की टीम ने प्रभावित परिवारों को कपड़े, बर्तन सहित आवश्यक उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराई। इनमें नए और पुराने दोनों प्रकार के कपड़े शामिल रहे, जो जरूरतमंदों के लिए तत्काल राहत का माध्यम बने। संगठन की महिलाओं ने पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें मानसिक रूप से भी मजबूत रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सबसे बड़ी राहत यह है कि सभी लोग सुरक्षित हैं और धीरे-धीरे उनके घर भी पुनः बन जाएंगे।

इस राहत कार्य में संगठन की महिला टीम सक्रिय रूप से शामिल रही, जिसमें कविता मालवी, किरण भरत मालवी, रीता रैकवार, मीना बोरबन और सोनाली भावसार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं स्थानीय स्तर पर व्यापारियों और समाज के अन्य वर्गों ने भी सहयोग प्रदान किया। विशेष रूप से कपड़ों के व्यापार से जुड़े लोगों ने सामग्री उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया

जवाहर वार्ड पार्षद ने की मदद

राहत कार्य को सफल बनाने में जवाहर वार्ड के पार्षद विकास प्रधान द्वारा वाहन की व्यवस्था कर टीम को प्रभावित क्षेत्र तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई, जिससे राहत सामग्री समय पर जरूरतमंदों तक पहुंच सकी।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य हमेशा जरूरतमंदों के साथ खड़ा रहना है और भविष्य में भी इस प्रकार की परिस्थितियों में वे हर संभव मदद के लिए तत्पर रहेंगे। बर्राढाना की इस घटना ने जहां कई परिवारों को संकट में डाल दिया है, वहीं समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा सामने आकर किए जा रहे सहयोग ने संवेदनशीलता और एकजुटता की मिसाल भी पेश की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button