नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद के हसनपुर क्षेत्र में स्मार्ट मीटरों को लेकर महिलाओं में आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को नगर के मोहल्ला होली वाला सहित आसपास के क्षेत्रों की बड़ी संख्या में महिलाएं ब्लॉक तिराहा स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचीं और जोरदार प्रदर्शन करते हुए धरना दिया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनके बिजली बिल पहले की तुलना में दोगुने आ रहे हैं। उनका कहना था कि इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। प्रदर्शन में शामिल कंचन नामक महिला ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने यह भी शिकायत की कि मीटर का रिचार्ज खत्म होते ही बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति काट दी जाती है, जिससे दैनिक कार्यों में भारी बाधा उत्पन्न होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बावजूद विभाग समय पर बिजली बहाल नहीं करता, जिससे आम जनता परेशान है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिशासी अभियंता राजेश प्रसाद मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाकर शांत कराया। उन्होंने विभाग की नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि विद्युत मंत्री के निर्देशानुसार 1 किलोवाट तक के कनेक्शनों को सामान्य मीटर में बदला जा रहा है। साथ ही उपभोक्ताओं को अब महीने में एक बार बिल जमा करने की सुविधा दी जाएगी।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, लेकिन महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा




