शामली
प्रतिबंधित सामग्री से ईंट पकाने का आरोप, प्रदूषण विभाग की जांच में मिले सबूत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला थाना क्षेत्र के गंगेरू मार्ग स्थित एक ईंट भट्ठे पर प्रतिबंधित सामग्री से ईंट पकाने के आरोपों की जांच के लिए प्रदूषण विभाग की टीम ने छापा मारा। जांच के दौरान मौके पर प्रतिबंधित कार्बन सामग्री मिलने से मामले ने तूल पकड़ लिया।
गांव खेड़ा कुर्तान के शिकायतकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी से शिकायत कर आरोप लगाया था कि भट्ठे से निकलने वाले धुएं से आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है और लोग बीमार पड़ रहे हैं।
बुधवार को अधिकारियों विपीनेंद्र कुमार और दिवाकर गहलोत की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। टीम को भट्ठे पर प्रतिबंधित सामग्री के उपयोग के संकेत मिले। इस दौरान शिकायतकर्ताओं ने अधिकारियों पर भट्ठा मालिक से मिलीभगत का आरोप भी लगाया और दोबारा शिकायत दर्ज कराई।
जांच के बाद भट्ठा मालिक को चेतावनी जारी की गई है। प्रदूषण विभाग ने अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
