नब्बे दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत जेल व ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया गया जागरूकता कार्यक्रम
Awareness program was conducted in jails and rural areas under the ninety-day intensive legal awareness and public relations campaign.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झालसा, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में नब्बे दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश पर तथा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पाकुड़ मंडल कारा में बंदियों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक गंगाराम टुडू ने बंदियों से उनके मामलों की जानकारी प्राप्त की तथा पात्र बंदियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समझाई। इस अवसर पर पैरा लीगल वॉलिंटियर्स मोकमाउल शेख एवं सुजाता घोष भी उपस्थित रहे और उन्होंने बंदियों को विधिक सहायता से संबंधित जानकारी प्रदान की। वहीं, लिट्टीपाड़ा प्रखंड के गांडोपहाड़ जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाया गया। पैरा लीगल वॉलिंटियर भरत कुमार साह ने ग्रामीणों को डायन प्रथा, बाल विवाह के दुष्परिणाम तथा निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की विधिक समस्या होने पर नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। इसी दौरान सचिव रूपा बंदना किरो ने मंडल कारा, पाकुड़ का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान जेल में बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन के मेनू एवं उसकी गुणवत्ता की जांच की गई। साथ ही जेल परिसर की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बंदियों से उनके मामलों की जानकारी प्राप्त की तथा जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस प्रकार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान जेलों और ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



