हजारीबाग
बड़कागांव के पकरी बरवाडीह स्थित मेगालिथ स्थल का पर्यटन सचिव ने किया भ्रमण
पर्यटन विकास की संभावनाओं का लिया जायजा।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ कला पर्यटन एवं संस्कृति विभाग झारखंड सरकार के सचिव मुकेश कुमार ने आज 6 मई बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत पकरी बरवाडीह क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मेगालिथ स्थल का भ्रमण किया। इस अवसर पर उपायुक्त हेमन्त सती भी उनके साथ उपस्थित रहे।
यह भ्रमण माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर मेगालिथ स्थल को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहचान दिलाने तथा यहां उपलब्ध संभावनाओं का आकलन करने के उद्देश्य से किया गया। भ्रमण के दौरान विभागीय सचिव ने स्थल का निरीक्षण करते हुए इसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी प्राप्त की। मुकेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गंभीर है तथा पकरी बरवाडीह का यह मेगालिथ स्थल खगोलीय घटनाओं के अध्ययन के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक है। उन्होंने इसके संरक्षण एवं संवर्धन पर बल देते हुए कहा कि इस अमूल्य विरासत को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार इस स्थल को यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज सूची में शामिल कराने की दिशा में कार्य करेगी तथा इसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रिया सिंह, नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, निदेशक पर्यटक आशिफ एकराम, एम.डी जेटीडीसी प्रेम रंजन, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार, मेगालिथ विशेषज्ञ शुभाशीष दास सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



