भरत पुर

गुजरात जा रही ट्रेन से बयाना में उतरा असम का युवक लापता 

मानसिक रूप से कमजोर होने से बढ़ी चिंता, पुलिस ने शुरू की तलाश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भरतपुर। असम राज्य के जोरहाट जिले से अपने साथियों के साथ गुजरात रोजगार की तलाश में जा रहा एक मानसिक रूप से कमजोर युवक शनिवार को बयाना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करवाई है। मामले को गंभीर मानते हुए असम के टीटाबार थाना प्रभारी आईपीएस अपूर्वा सिन्हा ने रविवार को पत्र भेजकर बयाना कोतवाली पुलिस से युवक की तलाश कराने का आग्रह किया है। जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय अजीत कुर्मी पुत्र हुमे कुर्मी निवासी सूनगी टी-ईस्टेट, पोस्ट टीटाबार, जिला जोरहाट (असम) अपने साथियों के साथ ट्रेन से गुजरात जा रहा था। यात्रा के दौरान बयाना रेलवे स्टेशन पर वह किसी कारणवश ट्रेन से नीचे उतर गया। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और युवक पीछे छूट गया। साथियों ने उसे वापस ट्रेन में चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह ट्रेन में नहीं चढ़ सका। टीटाबार थाना प्रभारी आईपीएस अपूर्वा सिन्हा द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि युवक हिन्दी भाषा ठीक से नहीं बोल पाता तथा मानसिक रूप से कमजोर है। ऐसे में उसके किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आने या किसी अप्रिय घटना का शिकार होने की आशंका जताई गई है। मामले में बयाना थाना प्रभारी रामगिलास गुर्जर ने पुलिस टीम को युवक की तलाश के निर्देश दिए हैं। रेलवे स्टेशन सहित आसपास के क्षेत्रों में युवक की खोजबीन की जा रही है। पुलिस एवं परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि उक्त युवक बयाना या आसपास कहीं दिखाई दे तो तुरंत बयाना कोतवाली पुलिस को सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button