शामली
क्षेत्र व गांवों में विकास के नाम पर जहर घोल रहे हैं कुछ नए-नवेले नेता
राजनीति की आड़ में भाईचारा व रिश्तों को दुश्मनी में बदलने का चल रहा खेल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
आज क्षेत्र ओर गांवों की राजनीति का माहौल धीरे-धीरे इस कदर बिगड़ता जा रहा है कि कुछ नए-नवेले जिनको हम सड़कछाप नेता भी बोल दे तो कोई बड़ी बात नहीं ये कुछ नेता समाज को जोड़ने के बजाय लोगों को आपस में बांटने का काम कर रहे हैं। गांव क्षेत्र की छोटी-छोटी बातों को राजनीतिक रंग देकर भाई को भाई के खिलाफ खड़ा किया जा रहा है। कहीं पार्टीबाजी के नाम पर लोगों के बीच नफरत पैदा की जा रही है, तो कहीं अपने राजनीतिक वजूद को मजबूत करने के लिए पुराने रिश्तों में दरार डाली जा रही है।सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि ऐसे लोगों को बढ़ावा देने वाले भी समाज में कम नहीं हैं। कुछ लोग बिना सोचे-समझे किसी नेता के पीछे इस तरह चल पड़ते हैं, जैसे उनकी अपनी कोई सोच, समझ और विवेक ही न हो। नेता चाहे गलत हो, उसकी बात में सच्चाई हो या न हो, वह किसी के साथ अन्याय करे या गांव का माहौल खराब करे, लेकिन उसके कुछ अंधसमर्थकों की नजर में वह हमेशा महान ही रहेगा। उन्हें नेता की गलती गलती नहीं, बल्कि विरोधियों की साजिश नजर आती है।आखिर यह कैसी राजनीति है, जिसमें गांव का भला कम और अपना वर्चस्व कायम करने की चिंता ज्यादा है*…कुछ लोगों ने राजनीति को समाजसेवा नहीं, बल्कि अपना रुतबा दिखाने का जरिया बना लिया है। गांव में किसी के साथ बैठना, किसी के यहां आना-जाना, किसी की मदद करना या किसी सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होना तक राजनीतिक चश्मे से देखा जाने लगा है। अगर कोई व्यक्ति दूसरे पक्ष के लोगों से मिल ले, तो उसे विरोधी खेमे का बता दिया जाता है। इस तरह की घटिया सोच समाज के आपसी भाईचारे को अंदर ही अंदर खोखला कर रही है।हकीकत यह है कि गांव में रहने वाले लोगों को हर दिन एक-दूसरे की जरूरत पड़ती है। किसी के घर शादी हो, किसी के यहां गमी हो, किसी को बीमारी में मदद चाहिए या किसी परिवार पर मुसीबत आ जाए, तो सबसे पहले गांव के लोग ही एक-दूसरे के काम आते हैं। लेकिन कुछ तथाकथित नेता अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए उन्हीं लोगों के बीच नफरत की दीवार खड़ी कर रहे हैं, जो कल तक एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी हुआ करते थे। जरा उन लोगों से भी सवाल है, जो ऐसे नेताओं के पीछे आंख बंद करके चलते हैं। – क्या आपकी अपनी कोई सोच नहीं है? क्या आपको सही और गलत का फर्क समझने का अधिकार नहीं है? क्या किसी व्यक्ति का समर्थक बनने का मतलब यह है कि उसकी हर गलत बात को भी सही मान लिया जाए? आखिर कब तक आप किसी दूसरे के राजनीतिक स्वार्थ के लिए अपने गांव का माहौल खराब करते रहेंगे! नेता को सवालों से ऊपर मत रखिए। जो व्यक्ति समाज के हित में काम करता है, उसकी तारीफ जरूर कीजिए, लेकिन जो गलत करता है, उससे सवाल पूछने की हिम्मत भी रखिए। किसी की चापलूसी करना समर्थन नहीं और हर गलत काम पर तालियां बजाना वफादारी नहीं, बल्कि अपनी समझ और स्वाभिमान को गिरवी रखना है।एक बात उन नेताओं को भी समझनी चाहिए, जो गांव के लोगों को पार्टी और गुटों में बांटकर खुद को बड़ा नेता समझने लगे हैं। गांव के लोगों की भावनाओं से खेलकर, एक-दूसरे के खिलाफ भड़काकर और छोटी-छोटी बातों को प्रतिष्ठा का सवाल बनाकर कोई बड़ा जननेता नहीं बनता। असली नेता वह होता है, जो दो दुश्मनों के बीच समझौता कराए, दो परिवारों के बीच रिश्ते सुधारे, गरीब और कमजोर की आवाज बने तथा गांव के विकास के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने मजबूती से खड़ा हो। अगर आपकी राजनीति से गांव में सड़क, नाली, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा, अगर आपकी मौजूदगी से लोगों के बीच भाईचारा मजबूत होने के बजाय दुश्मनी बढ़ रही है, तो फिर ऐसी राजनीति और ऐसे नेतृत्व का समाज को क्या फायदा याद रखिए, चुनाव में नेता आपके दरवाजे पर हाथ जोड़कर आता है, लेकिन चुनाव के बाद वही नेता अपने रास्ते चला जाता है। पीछे रह जाते हैं गांव के लोग, टूटे हुए रिश्ते, आपसी मनमुटाव और वर्षों तक चलने वाली दुश्मनी। नेता बदलते रहेंगे, पार्टियां बदलती रहेंगी, चुनाव आते-जाते रहेंगे, लेकिन गांव तो अपना ही रहेगा। आज जिस व्यक्ति को आप राजनीतिक विरोधी समझकर उससे दुश्मनी पाल रहे हैं, कल किसी मुसीबत में वही आपके काम आ सकता है। इसलिए किसी के बहकावे में आकर अपने रिश्तों और सामाजिक सम्मान को दांव पर मत लगाइए।
गांव किसी एक पार्टी, एक नेता या एक गुट की जागीर नहीं है। गांव में रहने वाला हर व्यक्ति बराबर का हकदार है। राजनीति अपनी जगह है और इंसानियत, भाईचारा तथा सामाजिक रिश्ते अपनी जगह।
आखिर में एक बात उन तथाकथित नेताओं और उनके अंधसमर्थकों के लिए—
नेता बनना आसान है, लेकिन समाज का सच्चा रहनुमा बनना बहुत मुश्किल है। लोगों को लड़वाकर अपनी वाहवाही लूटने वाले इतिहास में महान नहीं कहलाते। महान वे कहलाते हैं, जो लोगों के बीच पैदा हुई नफरत को मिटाकर दिलों को जोड़ते हैं।
गांव को राजनीति का अखाड़ा मत बनाइए। यहां रहने वाले लोग आपके राजनीतिक मोहरे नहीं, किसी के भाई, बेटे, पिता और परिवार का हिस्सा हैं।
कुर्सी के लिए समाज को मत तोड़िए, अपनी राजनीति के लिए किसी के घर में दुश्मनी मत बोइए। क्योंकि सत्ता और पद का घमंड एक दिन उतर जाता है, लेकिन अपनों के बीच पैदा की गई नफरत का जख्म कई पीढ़ियों तक नहीं भरता।
सोचिए जरूर… आप गांव क्षेत्र के विकास में योगदान दे रहे हैं या अपनी राजनीति चमकाने के लिए गांव की एकता और भाईचारे को बर्बाद कर रहे हैं?



