चॉकलेट का लालच देकर बच्चों के अपहरण का प्रयास ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी हुआ फरार।

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
अमरोहा के हसनपुर नगर के एक मोहल्ले में कक्षा 6 के छात्र को चॉकलेट का लालच देकर अपहरण करने का प्रयास कर रहे बाइक सवार को ग्रामीणों के विरोध के चलते छात्र को छोड़कर मौके से फरार होना पड़ा। वहीं ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को कोतवाली लाकर परिजनों को सौंप दिया।नगर के मोहल्ला महल निवासी आशीष बंसल का 11 वर्षीय पुत्र दर्श बंसल नगर के एक पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 का छात्र है, वह सोमवार को लगभग 10:30 बजे घर के बाहर खेल रहा था तभी एक बाइक सवार आया और उसे चॉकलेट देकर साथ चलने को कहा जिस पर छात्र घर से एक जोड़ी कपड़े बैग में रखकर उसके साथ चल दिया। इसके बाद आरोपी छात्र को लेकर गजरौला मार्ग पर स्थित गांव दीपपुर गेट के निकट पहुंचा तो छात्र विरोध करने लगा। छात्र का शौर सुनकर एक ग्रामीण मौके पर पहुंचा और मामला पूछने लगा जिस पर आरोपी द्वारा कहा गया कि यह बच्चा दिल्ली जाने को कह रहा था अब मना कर रहा है ग्रामीण द्वारा टोका टाकी करने पर आरोपी छात्र को मौके पर छोड़कर बाइक लेकर फरार हो गया जिसके बाद ग्रामीण द्वारा डायल 112 पुलिस को फोन कर सूचना दी गई। बाद में कोतवाली पुलिस भी मौके पर गई। मौके पर पहुंची पुलिस छात्र को लेकर कोतवाली ले आई जिसके बाद कोतवाली पुलिस द्वारा छात्र के परिजनों को कोतवाली बुलाया गया और छात्र को उन्हें सौंप दिया। अपराध निरीक्षक अमरपाल सिंह द्वारा बताया गया कि इस मामले में कोई भी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है अगर तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


