शामली

“नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान में 306 वाहनों के चालान, पुलिस ने दिखाई सख्ती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
शामली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शामली पुलिस द्वारा “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान के तहत सोमवार को जनपदभर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 306 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 254 वाहन चालक बिना हेलमेट के पाए गए।
पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने बनत चौराहा, कैराना बस अड्डा, विजय चौक, फव्वारा चौक, धीमानपुरा फाटक, शिव चौक, अंजता चौक और रोडवेज बस अड्डे समेत कई प्रमुख स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया। यातायात निरीक्षक श्रीमती निधि चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन चालकों, पेट्रोल पंप संचालकों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना में जीवन बचाने वाला सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है।
यातायात पुलिस ने लोगों को ओवरस्पीडिंग, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया। पुलिस ने चेतावनी दी कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने आमजन से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button