पाकुड़

पाकुड़ में बिजली-पानी संकट को लेकर भाजपा का घड़ा फोड़ आक्रोश प्रदर्शन

BJP protests by breaking pots over power-water crisis in Pakur

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले में बिजली और पानी की गंभीर समस्या को लेकर भाजपा जिला इकाई ने राज्य सरकार के विरोध में जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने किया। प्रदर्शन में मुख्य अतिथि के रूप में राजमहल के पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा एवं भाजपा प्रदेश मंत्री-सह-कार्यक्रम प्रभारी कृष्णा महतो सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा का यह आक्रोश प्रदर्शन रेलवे मैदान पाकुड़ से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होते हुए सिद्धो-कान्हू मुर्मू पार्क पर जाकर समाप्त हुआ। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्तियों ने सिर पर मटका रखकर मार्च किया तथा घड़ा फोड़कर राज्य सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया। चिलचिलाती गर्मी के बीच आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों और सिर पर मटका लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा बिजली-पानी की समस्या से जनता को हो रही परेशानियों को सामने रखा। सभा को संबोधित करते हुए अनंत कुमार ओझा ने कहा कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं हर नागरिक की आवश्यकता हैं, लेकिन झारखंड में इन दोनों का संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी “नल से जल” योजना राज्य में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। कई स्थानों पर योजनाएं अधूरी पड़ी हैं और लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने पाकुड़, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा और महेशपुर में पानी की समस्या गंभीर होने की बात कही। साथ ही कहा कि जिले में बिजली व्यवस्था बदहाल है और मेंटेनेंस के नाम पर बार-बार बिजली काटी जाती है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं दिख रहा। भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि राज्य सरकार बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय मुफ्त बिजली का वादा करने वाली सरकार अब स्मार्ट मीटर लगाकर लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल में काफी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा, “इस सरकार में नल से जल गायब है और बल्ब से बिजली गुल है।” उनके इस बयान का प्रदर्शनकारियों ने जोरदार समर्थन किया। भाजपा नेता अनुग्राहित प्रसाद साह ने कहा कि जिले में पानी और बिजली का गंभीर संकट बना हुआ है। भीषण गर्मी में महिलाओं को घरों में रहना चाहिए था, लेकिन खराब व्यवस्था के कारण उन्हें सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो भाजपा आगे भी आंदोलन जारी रखेगी। प्रदर्शन के बाद भाजपा के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त मेघा भारद्वाज को उनके कार्यालय में मांग पत्र सौंपा। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, बाबुधन मुर्मू, मीरा प्रवीण सिंह, अमृत पाण्डेय, हिसाबी राय, रूपेश भगत, साधन झा, पिंकी मंडल, अनिता मुर्मू, सम्पा साह, सुशील साह, हिर्दयनन्द भगत, सुरेंद्र भगत, प्राची चौधरी, पूनम देवी, निधि गुप्ता, अनिकेत गोस्वामी, संजीव भगत, राहुल मिश्रा, सुरेश मंडल, करण मंडल, सुशांत घोष, बापन सरकार, त्रिलोचन दास, धनेश्वर साह, सुकुमार मंडल, वनेश्वर सोरेन, आशीष हेम्ब्रम, मोजेश टुडू, देवीलाल हांसदा, सुरेश भंडारी, कामेश्वर दास, मोहन मंडल, पंकज साह, जयंत मंडल, अक्षय मंडल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button