गोड्डा

उपायुक्त ने लगाया जनता दरबार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे आम नागरिकों के द्वारा अपनी-अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए गए। जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, मनरेगा, अतिक्रमण, पारिवारिक लाभ योजना सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर प्राप्त आवेदनों की सुनवाई की गई। उपायुक्त ने उपस्थित संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को सभी मामलों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार आम नागरिकों एवं प्रशासन के बीच संवाद स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा प्रत्येक प्राप्त आवेदन पर संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा लंबित मामलों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्रतिबद्धता है। जनता दरबार में उपस्थित कई आवेदकों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button