शामली

“ऑपरेशन सवेरा” के तहत नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान

जिला अस्पताल में शामली पुलिस ने युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

शामली। जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत शामली पुलिस लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की ओर प्रेरित करना है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना आदर्शमंडी पुलिस टीम द्वारा जिला अस्पताल शामली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आमजन एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने युवाओं को खेलकूद, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने और उन्हें सही मार्गदर्शन देने की अपील की गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि नशा व्यक्ति की कार्यक्षमता और एकाग्रता को प्रभावित करता है, जिससे पढ़ाई और रोजगार पर नकारात्मक असर पड़ता है। नशे की लत व्यक्ति को सामाजिक रूप से अलग-थलग कर रिश्तों में दूरी पैदा करती है। इसके अलावा आर्थिक स्थिति कमजोर होने के साथ मानसिक तनाव और गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।

शामली पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ समाज और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत जनपद में जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button