गोड्डा

स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्धता एवं अनुमोदन पर हुई समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। डीआरडीए स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति (DLC) 15वें वित्त आयोग एवं प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM-ABHIM) से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष श्री सुशील रामानी मौजूद रहे। बैठक में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं, नए स्वास्थ्य भवनों के निर्माण तथा भूमि उपलब्धता से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2023-24 के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग मद से स्वीकृत कुल 19 स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। इस क्रम में पूर्व में चिन्हित 13 भूमि से संबंधित मामलों पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारियों को स्थल जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि भवन निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जा सके। साथ ही शेष बचे 6 स्वास्थ्य उपकेंद्रों में से 5 उपकेंद्रों के नए भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। उक्त भूमि के अनुमोदन, तकनीकी प्रक्रिया तथा अग्रेतर कार्रवाई को लेकर बैठक में विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी लंबित प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करते हुए योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button