गोड्डा

महागामा में आधी रात हथियार के दम पर हंगामा, पुलिस ने तीन युवकों को दबोचा

केचुआ चौक स्थित जायसवाल होटल के सामने देशी कट्टा लहराकर मचा रहे थे आतंक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी में हथियार समेत किया गिरफ्तारी
महागामा ( गोड्डा) : गोड्डा जिला के महागामा थाना क्षेत्र के केचुआ चौक में मध्य रात्रि उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब तीन युवक देशी कट्टा लहराते हुए जायसवाल होटल के सामने हंगामा करने लगे। होटल संचालक के साथ झगड़ा और हथियार के प्रदर्शन से इलाके में दहशत फैल गयी। घटना की सूचना मिलते ही गोड्डा पुलिस हरकत में आ गयी और रात में ही विशेष छापेमारी अभियान चलाकर तीनों आरोपियों को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गोड्डा को गुप्त सूचना मिली थी कि केचुआ चौक के समीप कुछ युवक हथियार के बल पर लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा के निर्देश पर महागामा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चारों ओर से घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। साथ ही मौके से एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक केटीएम मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किये गया। पुलिस की इस कार्रवाई से देर रात इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शांति नगर निवासी धर्मेन्द्र कुमार दास (24 वर्ष), जितेन्द्र कुमार दास (22 वर्ष) तथा कलाली टोला निवासी विवेक कुमार दास (26 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों महागामा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताये गये हैं। इस संबंध में महागामा थाना कांड संख्या-88/2026 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए/26/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाया गया था और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।छापेमारी अभियान में पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल, सहायक अवर निरीक्षक खालिद अहमद खान, निर्मल कुमार पांडेय, संजय सिंह समेत महागामा थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध हथियार, अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button