कैराना

ईदगाह में बेहतर इंतजाम को लेकर बनी कमेटी

ईद-उल-अजहा की तैयारियों पर मंथन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
कैराना। कस्बे की ऐतिहासिक ईदगाह के बेहतर इंतजाम, साफ-सफाई और आगामी ईद-उल-अजहा की नमाज को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को सराय वाली मस्जिद में अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जामा मस्जिद के इमाम मौलाना ताहिर ने की, जिसमें उलेमा, समाजसेवी, व्यापारी और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
गुरुवार को आयोजित बैठक में ईदगाह की देखरेख और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से “कैराना ईदगाह कमेटी” के गठन का निर्णय लिया गया। कमेटी में 15 से 20 जिम्मेदार लोगों को शामिल किया गया है, जो ईदगाह की साफ-सफाई, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। मौलाना ताहिर ने कहा कि ईदगाह कस्बे की धार्मिक और सामाजिक पहचान है, इसलिए उसकी पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण और बेहतर तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन से समन्वय किया जाएगा। बैठक में काजी शादाब एडवोकेट ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए जरूरत पड़ने पर दो या तीन बार जमात कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कमेटी का पंजीकरण कराने, हर वर्ष ऑडिट कराने और समाज के सभी वर्गों को जोड़ने पर जोर दिया। पूर्व बार अध्यक्ष इंतजार एडवोकेट ने भी व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव दिए। बैठक में ईदगाह की जल्द साफ-सफाई शुरू कराने, नमाज के दिन सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, पानी, रोशनी और इमरजेंसी व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर सहमति बनी। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से जल्द मुलाकात कर विस्तृत गाइडलाइन तैयार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में हाजी अब्दुल कय्यूम, मेहरबान अंसारी, शमीम अहमद, हाजी नसीम, राशिद अली, फिरोज खान, वहाब सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button