
जिला क्षयरोग अधिकारी डा.रामनरेश सोनी बोले, टीबी पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी, लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिला क्षयरोग नियंत्रण केन्द्र में क्षयरोग (टीबी) मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान जिला क्षयरोग अधिकारी डा.रामनरेश सोनी ने मरीजों की काउंसिलिंग करते हुए कहा कि पोषण पोटली वितरण का उद्देश्य टीबी मरीजों के पोषण स्तर में सुधार करना और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि टीबी पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है, बशर्ते मरीज नियमित रूप से बिना नागा दवा लें और संतुलित खान-पान का पालन करें। उन्होंने आमजन, अधिकारियों और समाजसेवी संगठनों से आगे आकर नि:क्षय मित्र बनने की अपील करते हुए कहा कि टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण और उपचार में सहयोग करना समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का द्वितीय चरण संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उच्च जोखिम वाले लोगों की स्क्रीनिंग और जांच कर रही हैं। इसमें बुजुर्ग, कुपोषित व्यक्ति, टीबी मरीजों के संपर्क में रहने वाले लोग, डायबिटीज और एचआईवी से ग्रसित मरीजों सहित धूम्रपान और शराब सेवन करने वाले लोग शामिल हैं। डा.सोनी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना, सीने में दर्द, रात में पसीना आना, अत्यधिक थकान, बलगम में खून आना या शरीर में गांठ जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि टीबी की जांच और उपचार सभी सरकारी अस्पतालों में पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध है। इस दौरान आदेश श्रीवास्तव, शिवराम सिंह, मनोज गुप्ता और विकास कुमार श्रीवास्तव सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।


