भाजपा राज में आम आदमी सबसे ज्यादा परेशान – विनोद पांडेय
The common man is most troubled under BJP rule - Vinod Pandey

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। Jharkhand Mukti Morcha ने केंद्र की भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और कॉर्पोरेटपरस्ती को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि पिछले 11 वर्षों में आम जनता को राहत देने के बजाय आर्थिक संकट और असुरक्षा की स्थिति में धकेला गया है। झामुमो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में पार्टी नेता Vinod Pandey ने कहा कि आज मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, युवा और छोटे व्यापारी आर्थिक दबाव और अस्थिरता से जूझ रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार केवल प्रचार और बड़े उद्योगपतियों के हित साधने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के दौरान आम लोगों को घंटों बैंक की कतारों में खड़ा रहना पड़ा और कोविड काल में जनता अस्पताल, ऑक्सीजन तथा दवाइयों के लिए परेशान रही। वर्तमान समय में रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद आम जनता को राहत नहीं दी गई, जबकि तेल कंपनियां लगातार मुनाफा कमा रही हैं। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की कॉर्पोरेटपरस्त नीति का उदाहरण बताया। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि भाजपा सरकार आम नागरिकों को त्याग और बचत का उपदेश देती है, लेकिन बड़े उद्योगपतियों को विशेष सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। पार्टी ने इसे दोहरी नीति बताते हुए कहा कि इससे लोकतांत्रिक और सामाजिक संतुलन प्रभावित हो रहा है। झामुमो ने कहा कि देश को ऐसी सरकार की आवश्यकता है जो महंगाई नियंत्रित करे, रोजगार के अवसर बढ़ाए और सामाजिक सौहार्द बनाए रखे। पार्टी ने दावा किया कि वर्तमान केंद्र सरकार बेरोजगारी, आर्थिक असमानता और सामाजिक तनाव को बढ़ावा दे रही है। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होती है, न कि चुनिंदा पूंजीपतियों के प्रति। साथ ही दावा किया गया कि आने वाले समय में जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।



