अंतरराष्ट्रीय

भारत में $5 अरब का निवेश करेगा यूएई

रक्षा, ऊर्जा और गैस सप्लाई पर हुए कई अहम समझौते

अबूधाबी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में उतरने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान यूएई के राष्ट्रपति अल नाहयान ने पीएम मोदी का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की आधिकारिक यात्रा पर पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और यूएई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता आपसी संबंधों, ऊर्जा सहयोग और दोनों देशों के बीच साझेदारी को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
पांच देशों की यात्रा पर प्रधानमंत्री मोदी
बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से पांच देशों के दौरे पर हैं। इस विदेश दौरे में पीएम मोदी सबसे पहले संयुक्त अरब अमीरात का दौरा कर रहे हैं, इसके बाद वे नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री के इन दौरों का उद्देश्य व्यापार, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, नवाचार और हरित विकास के क्षेत्र में भारत की रणनीतिक साझेदारियों को मजबूत करना है। अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, प्रधानमंत्री नीदरलैंड का दौरा करेंगे। वर्ष 2017 के बाद यह प्रधानमंत्री की नीदरलैंड की दूसरी यात्रा होगी। जॉर्ज ने बताया कि इस यात्रा के दौरान, वे नीदरलैंड के किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे, साथ ही प्रधानमंत्री रॉब जेटन के साथ भी बातचीत करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी स्वीडन के गोथेनबर्ग शहर जाएंगे। वहां वे अपने स्वीडिश प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों देश व्यापार और सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री यूरोपीय उद्योग जगत के बड़े मंच ‘यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री’ को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उसुर्ला वॉन डेर लेयेन भी मौजूद रहेंगी। यात्रा के चौथे चरण में प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को नॉर्वे पहुंचेंगे। वहां वे तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और कई द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल होंगे। दौरे के आखिरी चरण में प्रधानमंत्री मंगलवार को इटली जाएंगे। इटली में वे राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ बातचीत करेंगे।
यूएई के ऋ16 जेट विमानों ने किया एस्कॉर्ट
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एफ16 जेट विमानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया जब वह 15 से 20 मई तक अपनी पांच देशों की यात्रा के हिस्से के रूप में यूएई के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था।
अल नाहयान के साथ पीएम मोदी की प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता
संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘आपके स्वागत के लिए मैं आपका तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं। जैसा कि आपने कहा – मैं अपने दूसरे घर में आया हूं। यह भावना मेरे जीवन में बहुत महत्व रखती है। आज आपके वायुसेना के जेट विमानों ने मुझे सुरक्षा प्रदान की। यह भारत की जनता के लिए सम्मान की बात है।’
यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मैं आपसे फोन पर बात करता रहता था, लेकिन मैं आपसे व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए बहुत उत्सुक था’।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूएई यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा, गैस सप्लाई और इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश से जुड़े कई अहम समझौते हुए। यूएई ने भारत में पांच अरब डॉलर के निवेश का भी एलान किया है।
क्या-क्या बड़े समझौते हुए?
भारत और यूएई के बीच स्ट्रैटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप पर समझौता हुआ। इससे रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों का सहयोग और मजबूत होगा। इसके अलावा, पेट्रोलियम रिजर्व को लेकर भी एमओयू साइन किया गया। दोनों देशों के बीच एलपीजी यानी रसोई गैस सप्लाई को लेकर भी समझौता हुआ है, जिससे भारत को ऊर्जा सुरक्षा में फायदा मिलेगा। सबसे बड़ा एलान निवेश को लेकर हुआ। यूएई ने भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर, आरबीएल बैंक और सम्मान कैपिटल में कुल पांच अरब डॉलर निवेश की घोषणा की है।
पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता के लिए भारत हरसंभव मदद को तैयार- पीएम मोदी
पश्चिम एशिया में मौजूदा हालातों पर पीएम मोदी ने कहा कि यूएई पर हुए हमलों की हम घोर निंदा करते हैं। यूएई को जिस तरह से निशाना बनाया गया है, वह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। इन कठिन परिस्थितियों में आपने जिस संयम और साहस का परिचय दिया है, ये बहुत ही सराहनीय है। राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता बनाए रखने में आपके नेतृत्व में उठाए गए कदमों का हम अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में युद्ध की परिस्थिति का प्रभाव आज पूरे विश्व पर दिखाई दे रहा है। भारत ने मुद्दों को सुलझाने के लिए हमेशा बातचीत और कूटनीति को प्राथमिकता दी है। होर्मुज स्ट्रेट को मुक्त, खुला और सुरक्षित रखना हमारी बड़ी प्राथमिकता है। इस मामले में, अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करना अनिवार्य है। भारत हर स्थिति में यूएई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और भविष्य में भी खड़ा रहेगा। भारत जल्द से जल्द शांति और स्थिरता की बहाली के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने को तैयार है।
राष्ट्रपति अल नाहयान का विशेष भाव के लिए धन्यवाद- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘मैं अपने भाई, यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का अबू धाबी हवाई अड्डे पर मेरा स्वागत करने के उनके विशेष भाव के लिए धन्यवाद करता हूं। मैं ऊर्जा, निवेश, आपूर्ति शृंखला और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भारत-यूएई संबंधों को और आगे बढ़ाने की दिशा में हमारी बातचीत का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।’

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button