
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
दुमका प्रशिक्षण के अनुभवों को गोड्डा में करेंगे लागू, साइबर जागरूकता और कम्युनिटी पुलिसिंग पर विशेष जोर
गोड्डा। गोड्डा के नए एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ जनता और पुलिस के बीच विश्वास कायम करना होगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट पुलिसिंग और कम्युनिटी पुलिसिंग के जरिए लोगों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल देने का प्रयास किया जाएगा। नए एसडीपीओ ने बताया कि दुमका में प्रशिक्षण के दौरान उन्हें थाना संचालन, लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी, राजकीय मेला तथा लोकसभा और विधानसभा चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का अनुभव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि इन अनुभवों का उपयोग गोड्डा में बेहतर पुलिस व्यवस्था स्थापित करने में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की। आकाश भारद्वाज ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और साइबर अपराध से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि मोबाइल और ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग करते समय लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें युवाओं और छात्रों को साइबर सुरक्षा, ट्रैफिक नियम और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।



