हापुड़

सेवा संकल्प अभियान में उमड़ी भीड़

बाबूगढ़ में 250 लोगों ने योजनाओं के लिए किए आवेदन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़ : बाबूगढ़ छावनी में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य एवं जनकल्याण शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर में लोगों को स्वास्थ्य जांच के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ लेने के लिए आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर में सीएचसी सिकेड़ा से पहुंचे डॉ. नेक सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ नागरिकों की जांच की। नजला, जुकाम, बुखार, खांसी समेत मौसम में बदलाव के कारण होने वाली विभिन्न सामान्य बीमारियों से पीड़ित लोगों का परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने जरूरत के अनुसार उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। साथ ही लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, साफ-सफाई और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत लगाए गए शिविर में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रमुखता से शामिल किया गया। दो दिनों के दौरान करीब 250 लाभार्थियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन किए। शिविर में आयुष्मान कार्ड, पारिवारिक लाभ योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई। पात्र लाभार्थियों के आवेदन स्वीकार कर संबंधित प्रक्रिया पूरी कराने में कर्मचारियों ने सहयोग किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा देवी ने शिविर का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद लाभार्थियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पात्र लोगों को किसी परेशानी के बिना योजनाओं का लाभ मिल सके, इसके लिए शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी और आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराने के साथ पात्रता के अनुसार सरकार की योजनाओं का लाभ भी लें। शिविर में नगर पंचायत कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम और क्षेत्र के अनेक नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वास्थ्य परीक्षण कराया और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button