नूडल्स की प्लेट में मिला काला कीड़ा
महिला की शिकायत पर बीकानेर रेस्टोरेंट पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम, सैंपलिंग की गई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड : गढ़मुक्तेश्वर के नामचीन बीकानेर रेस्टोरेंट में नूडल्स में कथित तौर पर कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीकानेर रेस्टोरेंट में एक महिला ने नूडल्स ऑर्डर किए थे ।महिला के मुताबिक, नूडल्स खाते समय उसकी नजर प्लेट में पड़े काले कीड़े पर गई । महिला ने इसकी शिकायत तत्काल रेस्टोरेंट के मैनेजर और स्टाफ से की । आरोप है कि शिकायत करने के दौरान स्टाफ का व्यवहार महिला के प्रति ठीक नहीं रहा । इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में दर्ज कराई है। मामले की शिकायत सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी कार्यवाही शुरू कर दी ।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गढ़मुक्तेश्वर स्थित बीकानेर रेस्टोरेंट पहुंचकर निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थ का नमूना लिया ।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि ,नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाद्य पदार्थ में वास्तव में क्या मिला था और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसारआगे की कार्यवाही की जाएगी।




