
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी के आलापुर क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल में एक पेड़ से युवक का शव रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आलापुर क्षेत्र के दिहुवा मजरे गांव निवासी अनिल सिंह (32 वर्ष) पुत्र शिवप्रसाद का शव गांव के पास जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि अनिल स्कूल वाहन चलाने का काम करता था और हाल ही में उसकी शादी हुई थी।
शनिवार करीब 11 बजे जंगल की तरफ गाय चराने गए ग्रामीणों ने पेड़ से युवक का शव लटका देखा। पहले तो युवक की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन सूचना फैलने पर गांव के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पहचान की। मृतक की पहचान गांव निवासी शिवप्रसाद के छोटे बेटे अनिल सिंह के रूप में हुई।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता शिवप्रसाद और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वालों के मुताबिक अनिल किसी घरेलू विवाद में नहीं था, लेकिन वह आर्थिक परेशानियों को लेकर तनाव में रहता था।
सूचना पर आवास विकास चौकी इंचार्ज अभिषेक राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं डायल 112 और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



