गाजियाबाद
एयरक्राफ्ट ऑर्डिनेंस क्षेत्र में अवैध पशु बाजारों पर कार्रवाई की मांग
लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने पुलिस कमिश्नरेट को लिखा पत्र, सांप्रदायिक माहौल बिगड़ने की जताई आशंका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने डीसीपी ग्रामीण एवं पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद को पत्र लिखकर एयरक्राफ्ट ऑर्डिनेंस से आच्छादित लोनी क्षेत्र में अवैध पशु बाजारों और पशुओं की कुर्बानी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। विधायक ने कहा कि यह क्षेत्र हिंडन एयरफोर्स स्टेशन के नजदीक होने के कारण एयरक्राफ्ट ऑर्डिनेंस के अंतर्गत आता है, जहां पशु कटान, मांस-हड्डी एकत्रीकरण तथा मांसाहारी होटलों का संचालन नियम विरुद्ध माना गया है। पत्र में विधायक ने आरोप लगाया कि लोनी के विभिन्न बाजारों में खुलेआम बकरे, कटरे और भैंस आदि की बिक्री की जा रही है, जिससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ कट्टरपंथी तत्व प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी की साजिश रच सकते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब होने की आशंका है। विधायक नंद किशोर गुर्जर ने प्रशासन से मांग की कि यदि कोई व्यक्ति एयरक्राफ्ट ऑर्डिनेंस का उल्लंघन करता है या सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ रासुका सहित कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी अवैध पशु बाजारों को तत्काल बंद कराने की भी मांग की गई है। पत्र के अंत में विधायक ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो कार्यकर्ता कानून का पालन कराने के लिए मजबूर होंगे।

