ललितपुर
बेरोजगार महिलाओं ने डीएम से लगाई रोजगार की गुहार
नगर पालिका में आउटसोर्सिंग भर्ती में प्राथमिकता देने की मांग, आर्थिक तंगी का जताया दर्द

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। आर्थिक तंगी और बेरोजगारी से जूझ रही नगर क्षेत्र की महिलाओं ने शनिवार को जिलाधिकारी को सामूहिक प्रार्थना पत्र सौंपकर नगर पालिका परिषद में आउटसोर्सिंग के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि वह लंबे समय से आर्थिक संकट का सामना कर रही हैं और परिवार का भरण-पोषण करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में महिलाओं ने बताया कि नगर क्षेत्र की अनेक महिलाएं इस समय बेरोजगारी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बोझ तले जीवन यापन कर रही हैं। रोजगार का कोई स्थायी साधन न होने के कारण उन्हें दूसरों के घरों में काम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसके बावजूद परिवार की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। महिलाओं ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद में होने वाली आउटसोर्सिंग भर्तियों में जरूरतमंद और बेरोजगार महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने का अवसर दिया जाए। उनका कहना है कि यदि उन्हें रोजगार मिल जाता है तो वह आत्मनिर्भर बन सकेंगी और अपने बच्चों व परिवार का बेहतर तरीके से पालन-पोषण कर पाएंगी। महिलाओं ने प्रशासन से सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है। उनका कहना है कि रोजगार मिलने से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी मिलेगा। प्रार्थना पत्र सौंपने वालों में वार्ड नंबर 2 निवासी आरती, सुषमा, पूनम, वर्षा, काजल, किरन, नीतू, सपना, हेमा, वंदना, रंजना, प्रभा, कंचन और कल्पना सहित कई महिलाएं शामिल रहीं।



