गाजियाबाद
भीषण गर्मी में बिजली बनी लोनीवासियों की सबसे बड़ी मुसीबत
अघोषित कटौती, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से नगर पालिका क्षेत्र में हाहाकार, पानी संकट ने बढ़ाई परेशानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : प्रचंड गर्मी के बीच लोनी नगर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। अघोषित बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को यह तक पता नहीं चल पा रहा कि बिजली कब आएगी और कब चली जाएगी। तपती गर्मी में लोग घरों के स्विच बोर्ड को टकटकी लगाकर देखते रहते हैं, लेकिन राहत मिलने के बजाय घंटों की कटौती उनका इंतजार करती रहती है।
24 घंटे में अनगिनत ट्रिपिंग, लोग परेशान
नगरवासियों का कहना है कि दिनभर में बिजली कितनी बार ट्रिप होती है, इसकी गिनती करना भी मुश्किल हो गया है। रात के समय भी कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से लोग सो नहीं पा रहे हैं। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। इन्वर्टर भी लगातार कटौती के आगे जवाब दे चुके हैं।
वार्ड-18 व 41 में हालात सबसे ज्यादा खराब विशेष रूप से नगर पालिका परिषद के
वार्ड-18 व 41 में स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। कम वोल्टेज के चलते घरों में लगे फ्रिज, कूलर और अन्य बिजली उपकरण सिर्फ शो-पीस बनकर रह गए हैं। बिजली संकट के कारण पानी की सप्लाई भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। सूखी पानी की टोंटियां और खाली टंकियों से परेशान लोग अब मोहल्लों में लगे सरकारी नलों पर पानी भरने को मजबूर हैं।
गांव लौटने का मन बना रहे लोग
लगातार बिजली संकट और उमस भरी गर्मी से परेशान कुछ परिवार अब गांव जाने तक का मन बनाने लगे हैं। लोगों का कहना है कि शहर में रहना मुश्किल होता जा रहा है। रातभर गर्मी और मच्छरों के बीच जागकर समय बिताना मजबूरी बन चुका है।
अधिकारियों पर फोन न उठाने का आरोप
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत करने के लिए फोन किए जाते हैं, लेकिन अधिकारी फोन उठाने तक को तैयार नहीं हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा।
विभाग ने बढ़ते लोड को बताया वजह
वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग अचानक बढ़ गई है। ट्रांसफार्मरों पर अत्यधिक लोड पड़ने से तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं, जिसके कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। कुछ इलाकों में रोस्टिंग के नाम पर आठ से दस घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है।
ऊर्जा मंत्री तक पहुंची शिकायतें
बिजली संकट से परेशान दर्जनों लोगों ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को फोन कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की है। बावजूद इसके हालात में अभी तक कोई खास सुधार देखने को नहीं मिला है।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आक्रोश
“जनता के साथ हो रहा अन्याय” — रुपेन्द्र चौधरी
सभासद रुपेन्द्र चौधरी ने कहा कि
“भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती जनता के साथ अन्याय है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। विभाग को तुरंत व्यवस्था सुधारनी चाहिए।”
“बिजली व्यवस्था पूरी तरह फेल” — अंकुश जैन मिकू
सभासद अंकुश जैन मिकू ने कहा कि
“लोनी की बिजली व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा।”
“लो वोल्टेज से उपकरण हो रहे खराब” — पवन सैन
पवन सैन ने कहा कि
“बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज के कारण लोगों के घरेलू उपकरण खराब हो रहे हैं। सरकार को अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने चाहिए।”
“स्थायी समाधान निकाले विभाग” — चौधरी सोहन बीर सिंह
चौधरी सोहन बीर सिंह ने कहा कि
“जनता लगातार परेशान है। ऊर्जा विभाग को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए।”
पत्रकार नरोत्तम शर्मा ने उठाए तीखे सवाल
पत्रकार नरोत्तम शर्मा ने कहा कि
“लोनी नगर की बिजली व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। यहां की स्थिति ऐसी हो गई है कि लोग हर समय अनिश्चितता में जी रहे हैं। सरकार चाहे जितने दावे करे, लेकिन यदि जिम्मेदार अधिकारी 24 घंटे लोनी और खासकर वार्ड-18 में बिताएं, तो जमीनी सच्चाई खुद सामने आ जाएगी। जनता अब केवल आश्वासन नहीं, राहत चाहती है।”
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। लोगों ने सरकार और विद्युत विभाग से भीषण गर्मी को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।


