मथुरा
पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल, छह गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा के थाना जैत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन बदमाशों को पैर में गोली लगी है, जबकि तीन अन्य को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इनके पास से अवैध असलहे, कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 1,04,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। ये सभी आरोपी पशु चोरी की कई घटनाओं में वांछित थे। थानाध्यक्ष जैत सोनू कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना जैत में दर्ज मुकदमों से संबंधित पशु चोर गिरोह हाईवे के पास देवी आटस रोड पर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 3 बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए वृन्दावन स्थित सौ-शैय्या संयुक्त अस्पताल भेजा गया है। मुठभेड़ में दीपक (सुल्तानपुरी, दिल्ली), जस्सी (बरसाना, मथुरा), रितिक (छाता, मथुरा) घायल हो गए। सागर (डीग, राजस्थान), अनिल (कोसी, मथुरा) सुमित (माट, मथुरा) को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से 315 बोर के तीन तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। इसके अलावा, चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जाने वाली एक मोटरसाइकिल और 1,04,000 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।



