ललितपुर

आगर गाँव में बिजली तार चोरी से हाहाकार, पांच दिन से अंधेरे में ग्रामीण

900 मीटर विद्युत तार काट ले गए चोर, पानी संकट गहराया

ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। विकास खण्ड जखौरा अंतर्गत ग्राम आगर में बिजली विभाग की लापरवाही और चोरों के बढ़ते हौसलों ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अज्ञात चोरों द्वारा 1100 वोल्ट की मुख्य विद्युत लाइन से करीब 900 मीटर तार काट ले जाने के बाद पूरा गांव पिछले पांच दिनों से अंधेरे में डूबा हुआ है। भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को जिलाधिकारी एवं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल बिजली बहाल कराने और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम आगर में विद्युत आपूर्ति बौंसी/जखौरा फीडर से होती है। आरोप है कि 21 मई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने गांव के छह विद्युत पोलों से कीमती तार काट लिए। घटना की जानकारी तत्काल क्षेत्रीय जूनियर इंजीनियर (जेई) को लिखित एवं मौखिक रूप से दी गई, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न होने से गांव के टुल्लू पंप और मोटरें बंद पड़ी हैं, जिसके कारण पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। भीषण गर्मी और उमस के चलते बच्चों की तबीयत बिगड़ रही है, जबकि मवेशियों के लिए भी पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वह नियमित रूप से बिजली बिल जमा करते हैं, इसके बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जखौरा थाना पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए जाएं तथा गांव में नए विद्युत तार लगवाकर शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाए। प्रशासन को दिए गए शिकायती पत्र में अरविन्द सिंह, चन्द्रपाल सिंह, महेश, ब्रजभान सिंह, प्रदीप, चरन सिंह, अमर सिंह, नरेंद्र, बबलू राजा, जसवंत, बलराम, भरत सहित ग्राम आगर के अनेक ग्रामीणों के हस्ताक्षर एवं अंगूठे के निशान दर्ज हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button