ईद पर पशु बाजार में बिकने आया 31 लाख रुपए का भैंसा
रोजाना 10 किलो दूध , 2 किलो देसी घी और ड्राई फ्रूट खाता है भैंसा....

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – उत्तर प्रदेश में 28 मई को मनाई जाने वाली बकरीद को लेकर पशु बाजारों में रौनक बढ़ गई है। हापुड़ का प्रसिद्ध पशु बाजार भी इन दिनों लोगों की भारी भीड़ से गुलजार है। यहां दूर-दराज जिलों से पशु व्यापारी अपने पशुओं को बेचने पहुंच रहे हैं, जबकि खरीदार भी बड़ी संख्या में बाजार का रुख कर रहे हैं।
इस बार बाजार में सबसे ज्यादा चर्चा एक खास भैंसे की हो रही है, जिसकी कीमत 31 लाख रुपये बताई जा रही है। पशु व्यापारी का दावा है कि भैंसे की 21 लाख रुपये तक की बोली लग चुकी है। अपनी खास देखभाल और खान-पान की वजह से यह भैंसा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पशु व्यापारी आमिर के मुताबिक, यह भैंसा किसी वीआईपी से कम नहीं है। इसे रोजाना सुबह शाम 5-5 किलो दूध पिलाया जाता है और ड्राई फ्रूट भी खिलाए जाते हैं। इसके अलावा भैंसा रोज दो किलो देसी घी का सेवन भी करता है। इसे यह सब खाना बहुत पसंद है । इतना ही नहीं, इसकी फिटनेस और चमक बनाए रखने के लिए रोजाना करीब 2 घंटे तक मसाज भी की जाती है।
पशु बाजार में इस भैंसे को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है और हर कोई इसकी कीमत और शाही ठाठ को लेकर चर्चा करता नजर आ रहा है।



